एनआरसी मसौदा तैयार करने में की गईं लापरवाहियां चौंकाने वाली हैं। आम तो आम हैं यहां एनआरसी की सूची से असम की एक मात्र महिला मुख्यमंत्री का नाम भी गायब कर दिया गया है। आस्ट्रेलिया में रह रहीं सैयदा अनवरा तैमूर दिसंबर,1980 से जून,1981 तक असम की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। उन्हें असम की एक मात्र महिला मुख्यमंत्री होने की उपलब्धि भी हासिल है। लेकिन पिछले सोमवार को जारी किए गए एनआरसी के फाइनल ड्राफ्ट में उनका नाम नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री इस सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए अपने परिवार संग वापस भारत लौटने वाली हैं।
नवभारत टाइम्स की एक ख़बर के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री तैमूर ने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा, “यह निराशाजनक है कि मेरा नाम सूची में नहीं है। मैं अगस्त के आखिरी हफ्ते में असम लौटूंगी और राष्ट्रीय नागरिक पंजी में अपना और अपने परिवार का नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरु करुंगी।”
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री पिछले कुछ सालों से बीमार रही हैं और आस्ट्रेलिया में अपने बेटे के साथ रह रही हैं।
तैमूर ने कहा कि किसी कारण एनआरसी के लिए आवेदन जमा करने का काम नहीं हो सका, हालांकि उन्होंने इसके लिए अपने एक रिश्तेदार को भेजा था।
वहीं नवभारत टाइम्स के अनुसार एनआरसी अधिकारियों का इस मसले पर कहना है कि हमारे पास पूर्व मुख्यमंत्री के परिजनों का डेटा मौजूद नहीं है जिसके कारण यह पता लगाना संभव नहीं है कि वह और उनके परिवार के सदस्यों ने एनआरसी ड्राफ्ट में नाम शामिल करने के लिए आवेदन किया था या नहीं।