मध्यप्रदेश के किसानों की मुश्किलें कम होने का नाम ही नहीं ले रही। कहीं किसान बारिश की कमी झेल रहे हैं तो कहीं फसलों में फंगस की मार से परेशान हैं। सरकार का किसानों की समस्याओं से मुंह मोड़ लेने की स्थिति में किसानों के पास प्रदर्शन के सिवा कोई चारा नहीं बचा है।
हालिया मामला मध्यप्रदेश के खरगोन ज़िले का है। इस ज़िले के दर्जनों गांवों के किसानों ने सैकड़ों एकड़ में कपास की खेती की थी पर फंगस की मार ऐसी रही कि सारी कपास की फसल ही बर्बाद हो गई। अब किसानों के पास सरकार की मदद के सिवा कोई और चारा नहीं रहा। प्रशासन की उदासीनता से परेशान किसान ज़िला अधिकारी के दफ्तर पहुंच गए।
हिंद किसान की एक रिपोर्ट के अनुसार किसान सरकार से मुआवजे की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि फसल बर्बाद हो जाने से हमारे सामने आर्थिक संकट आ गया है। प्रशासन गांवों में सर्वें कराए और जिन किसानों के फसल बर्बाद हुए हैं उन्हें उचित मआवजा दिया जाए। वहीं अधिकारियों के तरफ से आश्वासन मिल रहा है कि उनकी हर संभव मदद की जाएगी।
किसानों के फसल बर्बाद हो जाने से उन पर ऋण का संकट मंडराने लगा है। अब उनकी उम्मीदें सरकार के द्वारा दी जाने वाली मुआवज़े पर टिकी है लेकिन इनको कोई फौरी राहत मिलती नहीं दिखायी दे रही है।