मध्यप्रदेश के शिक्षा विभाग का गणित कमज़ोर, 13 हज़ार छात्र और मिल रहीं 1500 किताबें

शिवराज सिंह चौहान के राज में मध्यप्रदेश के शिक्षा विभाग का गणित गड़बड़ाया हुआ नज़र आ रहा है। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश के डिंडौरी ज़िले में 10वीं क्लास के 13 हज़ार से ज्यादा छात्र हैं पर अब तक गणित विषय की 1500 पुस्तकें ही प्राप्त हो पाई हैं।स्कूल शुरू हुए कई महीने हो गए पर छात्रों को किताबें अब तक नहीं मिल पाई। पूरे ज़िले के छात्र इससे परेशान हैं।

दरअसल इस साल 10वीं क्लास के पाठ्यक्रम में बदलाव हुआ है उन्हीं बदलावों के तहत पिछली किताबों की जगह एनसीईआरटी के किताबों को शामिल किया गया है। किताबों की भारी कमी के कारण छात्रों को निःशुल्क मिलने वाली किताबें भी बाज़ार से महंगे दामों पर खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शिक्षकों का कहना है कि हमें ब्लॉक से किताबें नहीं मिल रही है जिसकी शिकायत हमने शिक्षा विभाग को कर दी है। इस मामले को लेकर ज़िला शिक्षा अधिकारी का कहना है कि हमने इस समस्या के विषय में राज्य सरकार को पत्र लिख दिया है। बहरहाल सरकारी उदासीनता की मार छात्रों को झेलनी पड़ रही है|

अब आप न्यूज़ सेंट्रल 24x7 को हिंदी में पढ़ सकते हैं।यहाँ क्लिक करें
+